जशपुर / बिरसा मुंडा चौक :- शहर के प्रमुख बिरसा मुंडा चौक में लंबे समय से सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे आम लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता था, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता था।
सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए शहर के युवाओं ने अब खुद आगे आकर मोर्चा संभाला। रिशु जायसवाल, अंकित प्रजापति, जीतेन्द्र शर्मा और उनके साथियों ने श्रमदान करते हुए रेत, सीमेंट और कंक्रीट की मदद से सड़क के गड्ढों को भरने का काम किया।
युवाओं ने न केवल सामग्री की व्यवस्था की, बल्कि स्वयं मौके पर पहुंचकर गड्ढों को भरने में श्रमदान किया। उनके इस प्रयास से सड़क का यह हिस्सा फिलहाल आवागमन के लिए बेहतर हो गया है।
नगर पालिका से महज 20 मीटर दूर थे गड्ढे
इस पूरे मामले की सबसे खास बात यह है कि जिस स्थान पर युवाओं ने श्रमदान कर सड़क के गड्ढे भरे, वह नगर पालिका कार्यालय से महज करीब 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। शहर के बीचोंबीच और नगर पालिका कार्यालय के इतने करीब सड़क पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने रहना व्यवस्था की निगरानी और सड़क रखरखाव को लेकर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़कों की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत की जाती तो सड़क की यह स्थिति नहीं बनती। खासकर बारिश के दौरान ऐसे गड्ढे हादसों का कारण बन सकते हैं।
युवाओं की पहल की लोगों ने की सराहना
युवाओं को सड़क के गड्ढे भरते देखकर मौके से गुजर रहे लोगों ने उनकी पहल की सराहना की। नागरिकों ने कहा कि सार्वजनिक समस्या को देखकर युवाओं ने जिस तरह आगे आकर श्रमदान किया, वह सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का उदाहरण है।
बहरहाल अब लोगों की नजर नगर पालिका की ओर है कि सड़क के इस हिस्से की स्थायी मरम्मत कब कराई जाती है, ताकि भविष्य में दोबारा गड्ढे बनने की समस्या न हो और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।