गांधी जयंती पर NSS स्वयंसेवकों ने संभाली स्वच्छता की कमान, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
मनोरा, जशपुर। गांधी जयंती के अवसर पर पीएम श्री सेजेस मनोरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने स्वच्छता अभियान चलाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। प्राचार्य श्री संशोधन मिंज के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी शिवचरण भगत के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान किया।
अभियान के दौरान NSS के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय पहुंच मार्ग, हाई स्कूल ग्राउंड, विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। स्वयंसेवकों ने स्वयं श्रमदान करने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
कार्यक्रम में शिक्षक श्री मुक्तेश्वर राम ने महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन और स्वच्छता को लेकर उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों से भी परिचित कराया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। अभियान को सफल बनाने में मानसिंह सिदार, संजय भगत, अजय, बालकवि बैरागी एवं जगसाय राम भगत का विशेष योगदान रहा।
NSS स्वयंसेवकों ने “स्वच्छता ही सेवा है” के संदेश को आत्मसात करते हुए स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।