सिंगीबहार पकरीटोली में दर्दनाक हादसा।
मधुमक्खियों के झुंड ने किया जानलेवा हमला!
शौचालय गए 32 वर्षीय युवक को 5 जगह काटा,
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने किया मृत घोषित।
महुआ पेड़ पर पहले से था मधुमक्खियों का छत्ता।
07/11/2026
कुनकुरी। जशपुर जिले के सिंगीबहार पकरीटोली में मधुमक्खियों के हमले से एक 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। शाम को खाना खाने के बाद शौचालय गए युवक पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजन आनन-फानन में तत्कालीन उपचार के लिए तपकरा अस्पताल ले गए, वहीं उसकी तबियत और बिगड़ने से उसे कुनकुरी स्थित होलीक्रॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दिलकुंवर राम (32 वर्ष), निवासी सिंगीबहार पकरिटोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाम को भोजन करने के बाद वह शौचालय गया था। इसी दौरान वहां मौजूद महुआ के पेड़ पर पहले से मधुमक्खियों का डेरा था। अचानक मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। वहीं परिजनों के द्वारा बताए अनुसार, मधुमक्खियों ने युवक के शरीर पर करीब पांच जगह डंक मारे।
अचानक हुई मौत से परिवार में मातम
एक सामान्य शाम देखते ही देखते परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गई। मधुमक्खियों के अचानक हमले में 32 वर्षीय युवक की जान चले जाने से परिजनों और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।
महुआ के पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते से हुआ यह हमला एक दर्दनाक हादसा बन गया।
वहीं इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।