सड़क हादसे में शहीद आरक्षक के परिवार को मिला ₹1 करोड़ का सहारा, पुलिस सैलरी पैकेज बना संकटमोचक; पत्नी को सौंपा गया बीमा राशि का चेक।

जशपुर। ड्यूटी के दौरान जोखिम उठाकर जनता की सुरक्षा करने वाले पुलिस जवानों के परिवारों के लिए पुलिस सैलरी पैकेज किसी मजबूत सुरक्षा कवच से कम नहीं है। इसका उदाहरण जशपुर में देखने को मिला, जहां सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले आरक्षक स्व. अनिल केरकेट्टा के परिवार को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई। दिवंगत आरक्षक की पत्नी श्रीमती शांति केरकेट्टा को यह राशि चेक के माध्यम से सौंपी गई, जिससे संकट की इस घड़ी में परिवार को बड़ा आर्थिक संबल मिला है।

लोरों घाट हादसे में हुई थी आरक्षक की मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्व. अनिल केरकेट्टा की 24 अप्रैल 2026 को लोरों घाट में हुए सड़क हादसे में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। हादसे के समय वे जशपुर जिले के थाना पत्थलगांव में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने 17 अप्रैल 2007 से जशपुर पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। लंबे समय तक उन्होंने पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ पुलिस विभाग में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।


एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सौंपा गया चेक

पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती आशा तिर्की ने दिवंगत आरक्षक की पत्नी श्रीमती शांति केरकेट्टा एवं उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि का चेक सौंपा।


इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय उप महाप्रबंधक, बिलासपुर श्री आलोक रंजन, मुख्य प्रबंधक एसबीआई जशपुर श्री समीर कुमार तथा अग्रणी जिला प्रबंधक (लीड) श्री राकेश तिवारी भी उपस्थित रहे।

परिवार को आर्थिक सुरक्षा के साथ फंड मैनेजमेंट की भी दी गई जानकारी

चेक सौंपने के दौरान पुलिस एवं बैंक अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्राप्त राशि के सुरक्षित निवेश और सुनियोजित उपयोग को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। परिवार को फंड मैनेजमेंट की जानकारी दी गई, ताकि इस बड़ी राशि का भविष्य में बेहतर उपयोग कर परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


पुलिस सैलरी पैकेज पुलिस परिवारों के लिए सुरक्षा कवच : एसएसपी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए कई बार जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हैं। ऐसे में किसी अप्रत्याशित घटना के बाद यह योजना उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती है।


उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ड्यूटी के दौरान अथवा दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामांकित सदस्य को एक करोड़ रुपये तक का बीमा कवर तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

पुलिसकर्मियों से की गई अहम अपील

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपना वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत पंजीकृत रखें। साथ ही बैंक में नामांकन सहित सभी आवश्यक जानकारियों को समय-समय पर अपडेट करते रहें, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में उनके परिजनों को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो।

जशपुर पुलिस की यह पहल एक बार फिर बताती है कि पुलिस सैलरी पैकेज केवल बैंकिंग सुविधा नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ खड़े रहने वाली एक महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा व्यवस्था है। स्व. अनिल केरकेट्टा के परिवार को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता इसी सुरक्षा कवच की अहमियत को दर्शाती है।


Post a Comment

Previous Post Next Post