कुनकुरी / केरसई: - छठ मनाने बिहार जा रहा परिवार हादसे का शिकार, कार - बाइक की भीषण भिड़ंत में कुनकुरी रेमते के वार्ड पंच विजय लकड़ा की मौत, 6 घायल।


जशपुर। जिले के केरसई में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने - सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हुंडई अल्काजार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, और पेड़ पर चढ़ गई। हादसे में बाइक सवार विजय लकड़ा की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए।

इस घटना के मामले में ग्राम पंचायत रेमते के सरपंच श्रीमती शरीता ने बताया कि बाइक सवार दोनो लोग राजमिस्त्री का काम करने साजबहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केरसई में दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतक का नाम विजय लकड़ा, निवासी ग्राम पंचायत रेमते के कांसाटोली का रहने वाला था। मृतक विजय लकड़ा ग्राम पंचायत रेमते के वार्ड नंबर 06 का वार्ड पंच था। वहीं उनके साथ जीवन ढोलचुआ जिनका एक पैर टूट गया है उसे अंबिकापुर उपचार के लिए रिफर किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक विजय लकड़ा हमेशा हेलमेट अपने साथ ही रखते थे और हेलमेट पहनकर ही बाईक चलाते थे, उनकी कोई गलती नहीं हो सकती। फिलहाल ग्राम पंचायत रेमते में वार्ड पंच के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।


बता दें कि मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार 5 लोग रायगढ़ से छठ पर्व मनाने बिहार जा रहे थे। इसी दौरान केरसई में दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही ऊपरकछार चौकी प्रभारी देविका मंडावी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए कुनकुरी और केरसई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज जारी है।


इस दर्दनाक हादसे में एक जनप्रतिनिधि की मौत से रेमते पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post