जशपुर के पोंगरो में नदी के बहाव से संचालित हो रही हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना, 2.68 करोड़ की लागत से तैयार परियोजना से 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ।
अब खेतों की सिंचाई के लिए न बिजली की जरूरत होगी, न डीजल-पेट्रोल का खर्च उठाना पड़ेगा। नदी का बहता पानी ही खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की ताकत बनेगा। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्राकृतिक जल प्रवाह से संचालित होने वाली ऐसी ही अनूठी सिंचाई परियोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
सरगुजा संभाग की पहली इस तरह की नवाचारी सिंचाई परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पम्प चलाने के लिए किसी बाहरी ऊर्जा की आवश्यकता नहीं है। नदी के बहते पानी की शक्ति से टरबाइन पम्प संचालित होता है और इसी के जरिए खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाता है।
नदी का बहाव बनेगा ऊर्जा का स्रोत
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना में नदी के जल प्रवाह से टरबाइन पम्प चलाया जाता है। इसके लिए एनीकट से करीब 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म बनाकर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है। यह पम्प नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। इसके बाद वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।
इस पूरी व्यवस्था में बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं पड़ती। यानी प्राकृतिक जल प्रवाह से ही सिंचाई व्यवस्था का संचालन संभव हो रहा है। इससे पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता और ईंधन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को भी कम करने में मदद मिलेगी।
2.68 करोड़ की लागत, 135 किसान परिवारों को फायदा
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से लगभग 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के माध्यम से करीब 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अतिरिक्त फसल लेने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री बोले- दूसरे क्षेत्रों में भी उपयोगी होगा यह मॉडल
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर समन्वय का उदाहरण है। इससे किसानों को बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का यह मॉडल प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है। छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
खास बात यह है कि पोंगरो की यह परियोजना दिखाती है कि नदी का बहाव केवल जल संसाधन नहीं, बल्कि सिंचाई के लिए ऊर्जा का स्रोत भी बन सकता है। बिना बिजली और ईंधन के खेतों तक पानी पहुंचाने वाली यह तकनीक टिकाऊ खेती की दिशा में एक नया विकल्प प्रस्तुत करती है।