ताला तोड़कर घर में घुसा चोर, 70 हजार के सोने के कर्णफूल पार; चंद घंटों में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के एक जोड़ी कर्णफूल भी बरामद कर जब्त किए हैं।


मामला ग्राम डूमरबहार का है। जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर की रात ललित यादव के माता-पिता दुकान में सोने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी कर फरार हो गया। रात करीब 10:30 बजे घर पहुंचे ललित ने टूटा ताला और बिखरा सामान देखा। जांच करने पर सोने के जेवर गायब मिले। प्रार्थी ने गांव के ही शंकर भगत पर संदेह जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बागबहार पुलिस ने संदेही शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद कर जब्त कर लिए।

पुलिस ने आरोपी शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार को अपराध क्रमांक 109/26, धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, सुरेश कुमार नाग एवं सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post