जशपुर की शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान! DIET ने शुरू किया ‘जश शिक्षा संवाद’, नवाचारों और शिक्षकों के अनुभवों को मिलेगा जिला स्तरीय मंच।

पहले अंक का हुआ भव्य विमोचन, प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और स्थानीय भाषाओं में शिक्षण को बढ़ावा देने पर रहेगा विशेष फोकस | LLF के तकनीकी एवं अकादमिक सहयोग से होगा मासिक प्रकाशन।


जशपुर। जिले की प्राथमिक शिक्षा को नई दिशा देने, शिक्षकों के नवाचारों को पहचान दिलाने और शैक्षणिक गतिविधियों को दस्तावेजी स्वरूप प्रदान करने की दिशा में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), जशपुर ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान ने मासिक शैक्षिक पत्रिका ‘जश शिक्षा संवाद’ की शुरुआत की है। पत्रिका के प्रथम अंक का औपचारिक विमोचन DIET की उप प्राचार्या श्रीमती संगीता भाई एवं संस्थान के वरिष्ठ अकादमिक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस पत्रिका का प्रकाशन लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (LLF) के तकनीकी एवं अकादमिक सहयोग से किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य जिले के सुदूर अंचलों में कार्यरत शिक्षकों, अकादमिक संदर्भदाताओं और शिक्षा से जुड़े अन्य लोगों के अनुभवों, नवाचारों एवं बेहतर शैक्षणिक प्रयोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से कक्षा-कक्ष में अपनाई जा रही प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को सामने लाने के साथ-साथ उन्हें जिले के अन्य विद्यालयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


शिक्षकों के नवाचारों को मिलेगी पहचान, बेहतर शिक्षण का बनेगा साझा मंच

विमोचन अवसर पर DIET की उप प्राचार्या श्रीमती संगीता भाई ने कहा कि ‘जश शिक्षा संवाद’ जिले के शिक्षकों और अकादमिक संवर्ग के साझा प्रयासों को एक मंच पर लाने की सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर हो रहे बेहतर शैक्षणिक प्रयोगों और नवाचारों का दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है। पत्रिका के माध्यम से ऐसे प्रयासों को संकलित कर उनका व्यापक प्रसार किया जा सकेगा, जिससे अन्य शिक्षक भी उनसे सीख लेकर अपने विद्यालयों में प्रभावी बदलाव ला सकेंगे।

पहले अंक में भाषा से लेकर अकादमिक नेतृत्व तक की पहल शामिल

‘जश शिक्षा संवाद’ के प्रथम अंक में जिले की शैक्षणिक गतिविधियों और नवाचारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को स्थान दिया गया है। इसमें प्राचार्य DIET का प्रेरक संदेश शामिल है, जिसमें आधारभूत शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया गया है।

पत्रिका का एक महत्वपूर्ण हिस्सा जिले में किए गए भाषाई सर्वेक्षण पर केंद्रित है। इसमें बच्चों की घरेलू भाषा और विद्यालय में शिक्षण के लिए उपयोग की जाने वाली भाषा के बीच अंतर को समझने तथा उसके अनुरूप शिक्षण रणनीतियां विकसित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया गया है।

इसी कड़ी में स्थानीय भाषाई परिवेश को ध्यान में रखते हुए सादरी भाषा में शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) निर्माण की प्रक्रिया और उसके परिणामों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को उनकी परिचित भाषा के माध्यम से सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इसके अलावा जिला स्रोत समूह (DRG) के क्षमतावर्धन के लिए आयोजित कार्यशाला, प्रशिक्षण की रूपरेखा, अकादमिक नेतृत्व को मजबूत बनाने के प्रयास और आगामी कार्ययोजना का भी उल्लेख किया गया है।

बगीचा और कुनकुरी के नवाचारों को भी मिला स्थान

पत्रिका में बगीचा एवं कुनकुरी विकासखंडों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों, कौशल अभ्यास प्रतियोगिताओं और कक्षा-कक्षीय प्रक्रियाओं में आए सकारात्मक बदलावों को भी संकलित किया गया है। इससे विकासखंड स्तर पर हो रहे प्रभावी प्रयोगों को जिले के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

हर महीने प्रकाशित होगी पत्रिका, शिक्षा की बेहतरी पर होगा संवाद

DIET जशपुर ने उम्मीद जताई है कि ‘जश शिक्षा संवाद’ केवल जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों का दस्तावेज बनकर नहीं रहेगा, बल्कि प्राथमिक शिक्षा से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर सार्थक चर्चा और साक्ष्य आधारित समाधान तलाशने का प्रभावी मंच भी बनेगा।

संस्थान द्वारा पत्रिका का नियमित मासिक प्रकाशन सुनिश्चित करने की बात कही गई है। निश्चित रूप से यह पहल जिले के शिक्षकों के अनुभवों को साझा करने, स्थानीय भाषाओं को शिक्षण से जोड़ने और प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


Post a Comment

Previous Post Next Post