जशपुर में तीन दिन से लापता युवक का नाले किनारे मिला सड़ा-गला शव, हाथ में टूटा कड़ा और गले में बंधा था कपड़ा!

छोटे भाई की तलाश में निकले परिजनों को मिली दर्दनाक खबर, शव की हालत देख गांव में मचा हड़कंप; कुनकुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

जशपुर/कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। मंगलवार शाम उसका शव गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर झांझलता नाले के पास पत्थर के समीप सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ। शव की स्थिति और आसपास मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दीपेश फुलेश्री (21 वर्ष), पिता कमलू फुलेश्री, निवासी ग्राम नवाटोली, धूमाड़ांड, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि 30 अक्टूबर 2026 को दीपेश की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल कुनकुरी लेकर पहुंचे थे। सुबह करीब 11 बजे अस्पताल में उपचार कराने के बाद वह अपने भाई मनोज यादव के साथ घर लौटा। शाम करीब 7 बजे खाना खाने के बाद वह घर से बाहर निकला था। रात करीब 10 बजे तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।

तीन दिन बाद नाले के पास मिला शव

इसी बीच 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि नवाटोली झांझलता नाले के पास पत्थर के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव बिना कपड़ों के था और सड़ी-गली अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतक के चेहरे और गले के पास चोट अथवा क्षति के निशान दिखाई देने की बात भी मर्ग सूचना में दर्ज है। हाथ में बने टैटू और पहने हुए ब्रेसलेट के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान अपने छोटे भाई दीपेश फुलेश्री के रूप में की। वहीं युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post