हेलमेट नहीं है तो चिंता नहीं! जशपुर पुलिस बनेगी मददगार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘हेलमेट बैंक’ का शुभारंभ।

हेलमेट नहीं है तो चिंता नहीं! जशपुर पुलिस बनेगी मददगार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘हेलमेट बैंक’ का शुभारंभ।
05/11/2026
जशपुर - सड़क सुरक्षा को लेकर जशपुर पुलिस ने एक ऐसी अनूठी पहल शुरू की है, जो जरूरतमंदों के लिए मददगार साबित होगी। अब हेलमेट नहीं होने या आर्थिक परेशानी के कारण किसी को बिना हेलमेट सफर करने की मजबूरी नहीं होगी। जशपुर पुलिस की अभिनव पहल ‘हेलमेट बैंक’ का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस लाइन में फीता काटकर शुभारंभ किया। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने नागरिकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया।

दरअसल, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मौतों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने ‘हेलमेट बैंक’ की शुरुआत की है। 

   डीआईजी एवं एसएसपी डॉo लाल उमेद सिंह जशपुर 

इस बैंक के माध्यम से आकस्मिक जरूरत पड़ने पर या आर्थिक परेशानी के चलते हेलमेट नहीं खरीद पाने वाले लोगों को पुलिस अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराएगी। स्वयं का हेलमेट खरीदने के बाद संबंधित व्यक्ति पुलिस का हेलमेट वापस कर सकेगा। साथ ही उसे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में भी सहभागी बनना होगा।

खास बात यह है कि बिना हेलमेट पकड़े जाने वाले वाहन चालकों को भी पुलिस हेलमेट खरीदने के लिए प्रेरित कर रही है। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालानी कार्रवाई किए मोटरसाइकिल वापस करने की पहल की जा रही है।

वहीं, जशपुर पुलिस हेलमेट रैली, स्कूल-कॉलेजों और साप्ताहिक बाजारों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के सात वचनों के प्रति जागरूक कर रही है।

मुख्यमंत्री ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह देखकर लौटे पुलिस मितानों से भी मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।


जशपुर पुलिस की इस पहल का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाना और हेलमेट पहनने को आदत बनाना है। 
डी आई जी एवं एसएसपी डॉ० लाल उमेद सिंह जशपुर का स्पष्ट संदेश है—
हर हेड में हो हेलमेट... हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं!

Post a Comment

Previous Post Next Post