धान माफियाओं पर सीमावर्ती इलाकों में जशपुर पुलिस का शिकंजा, उड़ीसा से आ रहा अवैध धान पकड़ा, 1.93 लाख की जब्ती

DEEPAK VERMA KUNKURI 
17/01/2026

धान माफिया पर जशपुर पुलिस का तगड़ा प्रहार, तीन इलाकों में 84 क्विंटल अवैध धान जब्त, दो पिकअप व ट्रैक्टर पकड़े

सीमावर्ती रास्तों पर पुलिस का शिकंजा, उड़ीसा से आ रहा अवैध धान पकड़ा, 1.93 लाख की जब्ती

जशपुर | 17 जनवरी 2026

धान खरीदी के सीजन में अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के खिलाफ जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने थाना फरसाबहार, तुमला और चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो पिकअप और एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 93 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से धान खपाने की कोशिश कर रहे बिचौलियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सरहदी रास्तों पर नाकाबंदी, संदिग्ध इलाकों में पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

तुमला व फरसाबहार का मामला

दिनांक 16-17 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे, थाना तुमला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक संदिग्ध बिना नंबर का पिकअप वाहन भारी मात्रा में धान लेकर आ रहा है। हाथीबेड़ के ग्रामीण रास्ते पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप से 60 बोरी में 24 क्विंटल धान बरामद किया गया।
वहीं थाना फरसाबहार क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे, धौरा सांड जंगल के पास पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-A-4175 को लावारिस हालत में पकड़ा गया। वाहन चालक पुलिस को देख भाग गया। तलाशी में पिकअप से 50 बोरी में 20 क्विंटल धान मिला। पुलिस को संदेह है कि यह धान उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया जा रहा था। दोनों मामलों में धान व वाहन को जब्त कर जिला प्रशासन को सुपुर्द किया गया है, साथ ही वाहन मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।

 पंडरापाठ चौकी का मामला

चौकी पंडरापाठ पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान ग्राम सुलेसा के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका। पूछताछ में चालक की पहचान नारायण राम (43 वर्ष) निवासी सुलेसा के रूप में हुई। ट्रैक्टर में लोड धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या टोकन प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस ने ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MS-4571 से 100 बोरी में 40 क्विंटल धान जब्त कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया।

 पुलिस की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक संतोष राम, सुरेश एक्का, ईश्वर पैंकरा, मारियानुस एक्का तथा चौकी प्रभारी पंडरापाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी व आरक्षक बिलिचियुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अब तक 41 वाहनों से 2,422 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। आगे भी बिचौलियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।
जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से धान माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध धान कारोबार पर बड़ा अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post