दीपक वर्मा - कुनकुरी
लोकेशन - तपकरा 18/01/2026
*“अवैध धान पर जशपुर पुलिस का प्रहार, घर में डंप 40 क्विंटल धान जब्त, प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई”*
*जशपुर/तपकरा*- जशपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अवैध धान के खिलाफ जशपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए
एक घर में अवैध रूप से डंप किए गए 40 क्विंटल धान को जब्त किया है।
जब्त धान की कीमत करीब 92 हजार रुपये आंकी गई है।
मामला थाना तपकरा क्षेत्र के ग्राम जामबहार का है। जहां धान खरीदी के सीजन में अवैध धान की आमद पर रोक लगाने के लिए जशपुर प्रशासन और पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
आज सुबह करीब 07 बजे, मुखबिर की सूचना पर पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गांव जामबहार में दबिश दी। जहां मनोज एक्का, उम्र 28 वर्ष, के घर में भारी मात्रा में धान अवैध रूप से डंप कर रखा गया था।
जांच के दौरान पाया गया कि मनोज एक्का के पास मौजूद धान उसकी खेती के रकबे से कहीं अधिक है। जब उससे धान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद 40 क्विंटल अवैध धान को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि “पुलिस को सूचना मिली थी कि तपकरा क्षेत्र के ग्राम जामबहार में अवैध रूप से धान संग्रहित किया गया है। सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए 40 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। अवैध धान के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार फरसाबहार, राजस्व विभाग और थाना तपकरा पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
बहरहाल, धान खरीदी के सीजन में अवैध धान पर जशपुर पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं।
जशपुर जिले से दीपक वर्मा की रिपोर्ट