*धान तस्करों पर जशपुर पुलिस का एक्शन, झारखंड से लाई जा रही खेप सोनक्यारी जंगल में धराशायी*

दीपक वर्मा - कुनकुरी 
लोकेशन - जशपुर 

*धान तस्करों पर जशपुर पुलिस का एक्शन, झारखंड से लाई जा रही खेप सोनक्यारी जंगल में धराशायी*

*जशपुर | 19 जनवरी 2026*
धान खरीदी सीजन में बिचौलियों और तस्करों के मंसूबों पर जशपुर पुलिस लगातार पानी फेर रही है। इसी कड़ी में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने झारखंड से अवैध रूप से लाई जा रही 25 क्विंटल धान की खेप को सोनक्यारी जंगल मार्ग पर रंग हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने पिकअप वाहन सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर रेमने जंगल के ग्रामीण रास्ते में पुलिस ने घेराबंदी कर सफेद रंग की पिकअप वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 59 बोरियों में भरा 25 क्विंटल धान बरामद हुआ। जब पुलिस ने चालक से दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने कबूल किया कि वह झारखंड से धान खरीदकर छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी में था और किसान के नाम से फर्जी टोकन के सहारे धान उपार्जन केंद्र में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने मौके पर ही पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
गौरतलब है कि बीते 48 घंटों में ही फरसाबहार, तुमला, तपकरा और पंडरा पाठ में 124 क्विंटल अवैध धान पकड़ा जा चुका है। वहीं, चालू धान खरीदी सीजन में जशपुर पुलिस अब तक 44 वाहनों से 2550 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर चुकी है, जो बिचौलियों के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम को दर्शाता है।

इस पूरी कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी एएसआई वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज एवं मशीह तिर्की की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि,
“छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से धान खपाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जशपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी और तेज़ होगी।”

ब्यूरो रिपोर्ट दीपक वर्मा - कुनकुरी

Post a Comment

Previous Post Next Post