दीपक वर्मा - संपादक - कुनकुरी
विशाखापत्तनम शैक्षणिक भ्रमण से लौटे जिले के विद्यार्थी, ज्ञान-अनुभव से समृद्ध हुआ अंतरराज्यीय एक्सपोजर विजिट
समग्र शिक्षा के अंतर्गत राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिले के उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला कलेक्टर श्री रोहित के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को 19 से 24 जनवरी तक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम का एक्सपोजर विजिट कराया गया।
दिनांक 19 जनवरी को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता सिंह एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुनकुरी श्री बालेश्वर यादव द्वारा छात्र-छात्राओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। भ्रमण के दूसरे दिन दल ने भिलाई पहुंचकर मैत्री गार्डन में वन्य प्राणियों का अध्ययन किया तथा भिलाई स्टील प्लांट में बॉक्साइट से ठोस लोहे तक की निर्माण प्रक्रिया और संयंत्र की स्थापना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
आपको यह भी बताते चलें कि कु० किरण यादव ११वी विज्ञान समूह, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुनकुरी भी गयी थी।
तीसरे दिन भिलाई से प्रस्थान के पश्चात दल विशाखापत्तनम पहुंचा, जहां विद्यार्थियों ने सबमरीन म्यूजियम एवं एयरक्राफ्ट म्यूजियम का अवलोकन कर समुद्री रक्षा प्रणाली और सैन्य तकनीक को समझा।
चौथे दिन भ्रमण की शुरुआत फिशिंग हार्बर से हुई, जो आर.के. बीच, ट्रिनिटी पार्क, सागर नगर बीच होते हुए कैलाशगिरी पर्वत पर समाप्त हुई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने बोट निर्माण, मछली व्यापार, समुद्री जहाजों की कार्यप्रणाली, भारतीय तट रक्षा व्यवस्था तथा आयात-निर्यात प्रणाली की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने विशाखापत्तनम की स्थानीय भाषा, बोली, संस्कृति, खान-पान, बाजार व्यवस्था और स्थानीय अर्थव्यवस्था का भी अध्ययन किया। समुद्र तट पर लहरों को निहारते हुए बच्चों का उत्साह और जिज्ञासा देखते ही बनती थी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद कुमार भटनागर एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में यह अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और दृष्टिकोण में वृद्धि करेगा, इसी विश्वास के साथ 24 जनवरी को कार्यक्रम का समापन किया गया।