रिपोर्टर - दीपक वर्मा - कुनकुरी
*पत्रकार के साथ अपहरण, मारपीट और लूट का आरोप, थाने में शिकायत*
*जशपुर* जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ अपहरण, मारपीट और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित पत्रकार अजीत गुप्ता ने थाना प्रभारी पत्थलगांव को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, अजीत गुप्ता 18 जनवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे अपनी स्कूटी से पत्थलगांव से पाकड़ीगांव जा रहे थे। वहीं ग्राम पालीडीह चौक के पास उनकी स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। कुछ समय बाद उनके परिचित प्रेम सिंह राजपूत वहां पहुंचे, जिनके साथ वे पास के पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल लेकर वापस लौटे।
इसी बीच पालीडीह की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन (क्रमांक CG-14 NX 2987) ने उन्हें टक्कर मारते-मारते बचाया। इसके बाद पिकअप में सवार लोगों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर गरिजियाबांध रोड की ओर ले जाकर उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि वहां काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार त्रिपाठी, सुरज त्रिपाठी, भारत भूषण त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और उनसे मोबाइल फोन, चश्मा और ₹4640 नकद लूट लिए गए।
घटना के दौरान पीड़ित का मित्र प्रेम सिंह मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया।
वहीं भीड़ में से किसी एक व्यक्ति द्वारा
“पत्रकार है, मत मारो” कहने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस या किसी को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद लूटा गया मोबाइल और चश्मा वापस कर दिया गया, लेकिन नकद राशि नहीं लौटाई गई। डर के कारण पीड़ित पत्रकार रात करीब 12 बजे घर पहुंचे और तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। अगले दिन उन्होंने पत्थलगांव थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।