दीपक वर्मा - कुनकुरी
27/01/2026
*गणतंत्र दिवस पर मौत को दावत! तेज रफ्तार आईसर ट्रक ने मचाया शहर में आतंक, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा*
कुनकुरी | 27 जनवरी
*कुनकुरी*- गणतंत्र दिवस की शाम जब पूरा शहर देशभक्ति के रंग में डूबा था, उसी वक्त एक लापरवाह आईसर ट्रक चालक ने कुनकुरी शहर के बीचों-बीच तेज रफ्तार और बेखौफ अंदाज़ में वाहन दौड़ाकर दो लोगों की जान खतरे में डाल दी। हादसा होते-होते टल गया, लेकिन शहरवासियों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आगे बढ़ रहा था। दो लोग उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा, लेकिन कुनकुरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर कचहरी के पास ट्रक को दबोच लिया।
पकड़े जाने के बाद भी चालक की बत्तमीजी कम नहीं हुई, वह पुलिस से भी उलझता नजर आया। इसके बाद कुनकुरी पुलिस ने ट्रक सहित चालक को थाना लाकर पूछताछ की।
ट्रक वाहन चालक का नाम अरविन्द बड़ाइक कुरडेग का रहने वाला बताया।
मामले की जानकारी मिलते ही ड्राइवर संघ के जिलाध्यक्ष फिरन राम यादव एवं जिला उपाध्यक्ष मुन्ना खान कुनकुरी थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जांच में स्पष्ट रूप से ट्रक चालक की गलती पाई गई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष फिरन राम यादव ने चालक को कड़ी फटकार लगाते हुए माफी मांगने और ड्राइवर संघ की बैठक बुलाकर अनुशासनात्मक कार्यवाही की बात कही।
वहीं जिला उपाध्यक्ष मुन्ना खान ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि संघ निर्णय लेकर ऐसे लापरवाह चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में कोई भी चालक इस तरह की गलती करने की हिम्मत न करे।
कुनकुरी पुलिस ने मामले में ट्रक चालक पर ₹1000/- (एक हजार) का चालान कर सख्त समझाइश देते हुए छोड़ा।
सवाल यह है कि…
क्या त्योहार और राष्ट्रीय पर्व पर भी ऐसे लापरवाह चालक सबक नहीं लेंगे?
अगर समय रहते पुलिस न होती तो बड़ा हादसा तय था!