ऑपरेशन शंखनाद में बड़ी कार्रवाई, झारखंड के गौ तस्कर जशपुर पुलिस के शिकंजे में

दीपक वर्मा - जशपुर 
लोकेशन - जशपुर 
20/01/2026

*ऑपरेशन शंखनाद में बड़ी कार्रवाई, झारखंड के गौ तस्कर जशपुर पुलिस के शिकंजे में*


जशपुर से बड़ी खबर है।
गौ तस्करी के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झारखंड से आए चार गौ तस्करों को धर दबोचते हुए 06 नग गौ वंशों को सकुशल मुक्त कराया है। यह कार्रवाई थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम पोड़ी के पास की
 गई।

दरअसल, आज सुबह करीब 4:30 बजे लोदाम पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहनों में गौ वंशों को भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर दोनों पिकअप में तीन-तीन गौ वंशों को रस्सियों से बांधकर क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था।


पूछताछ में आरोपियों ने जशपुर जिले के बगीचा और कुनकुरी क्षेत्र से गौ वंश खरीदकर सिसई, जिला गुमला (झारखंड) ले जाना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगने पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

गिरफ्तार आरोपी: 
साहेब अंसारी (45 वर्ष) – जिला गुमला
रुस्तम अंसारी (26 वर्ष) – जिला गुमला
मुकेश कुमार साहू (35 वर्ष) – जिला गुमला
कार्तिक लोहारा (29 वर्ष) – जिला गुमला

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बरामद सभी गौ वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।


एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा “जशपुर पुलिस की सक्रियता से 06 गौ वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

आपको बता दें कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक जशपुर पुलिस ने 147 मामलों में 1400 से अधिक गौ वंशों को मुक्त कराया है, जबकि 244 से ज्यादा गौ तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जशपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से गौ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

जशपुर जिले से दीपक वर्मा की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post