दीपक वर्मा - कुनकुरी
लोकेशन - कुनकुरी
28/02/2026
🔥 होली में हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस! कुनकुरी थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न, प्रशासन सख्त 🔥
कुनकुरी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कुनकुरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कुनकुरी SDM नंद जी पांडे उपस्थित रहे। उनके साथ तहसीलदार प्रमोद पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना रहा। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी साफ किया कि पर्व के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की गई। साथ ही कहा गया कि किसी भी असामाजिक गतिविधि या संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने की सहमति जताई।