दीपक वर्मा - जशपुर
लोकेशन - कुनकुरी
01/03/2026
कुनकुरी पुलिस की बड़ी कामयाबी: गुप्त चैंबर से 18 किलो करीब 09 लाख का गांजा बरामद, बोलेरो सहित 03 तस्कर गिरफ्तार
कुनकुरी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान कुनकुरी पुलिस ने नशे के सौदागरों पर करारा प्रहार किया है।
दरअसल, बीती रात के वक्त कुनकुरी पुलिस वाहन चेकिंग अभियान में मुस्तैदी से तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक नई बोलेरो गाड़ी में भारी मात्रा में गांजा तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही तत्काल DIG एवं SSP डॉ० लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार व एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने अपनी पुलिस टीम को लेकर सूचना के अनुसार इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो को रोक लिया।
पहली नजर में वाहन सामान्य प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब पुलिस ने सघन तलाशी ली, तो बड़ा खुलासा हुआ। बोलेरो के नीचे बेहद शातिर तरीके से बनाया गया नट बोल्ट से टाईट किया हुआ एक गुप्त चैंबर मिला, जिसे पहचान पाना आसान नहीं था। अन्ततः कुनकुरी पुलिस ने अपनी सूझबूझ से नीचे चैंबर को खोलकर देखा तो 18 किलो गांजा जिसकी कीमत करीब 09 लाख रुपए, वहीं मौके से 14 लाख का बोलेरो वाहन के साथ 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों का नाम - गोला रमन यादव, शिवराम यादव और रामेश्वर यादव— को हिरासत में लिया, तीनों आरोपी सिंगरौली, मध्यप्रदेश के बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में इस मामले के अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
DIG एवं SSP डॉ० लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि नशे में जुड़े अपराधों में जशपुर पुलिस पूरी संवेदनशीलता और सख़्ती से कार्रवाई कर रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
मामले की कार्यवाही व अवैध मादक प्रदार्थ गांजा सहित आरोपीगणों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, ASI मनोज साह़ू, आरक्षक गणेश यादव, धलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता सहित अन्य कुनकुरी पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहीं।
कुनकुरी पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, आगे की कार्रवाई जारी है।