जशपुर के अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार कार्यक्रम में “भारत के प्रसिद्ध जलपुरुष” राजेंद्र सिंह पहुंचे

दीपक वर्मा - जशपुर 
27/02/2026

*जशपुर के अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार कार्यक्रम में “भारत के प्रसिद्ध जलपुरुष” राजेंद्र सिंह पहुंचे*

जशपुर। जिले में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार के अवसर पर भारत के प्रसिद्ध जल संरक्षणवादी राजेंद्र सिंह का जशपुर आगमन हुआ। “Integrating Biodiversity, Environmental Protection and Traditional Knowledge for Sustainable Future” विषय पर 26–फरवरी 2026 को आयोजित इस सेमिनार में उन्होंने पारंपरिक जल संरक्षण पद्धतियों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तृत विचार साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की पारंपरिक जल संरचनाएं—जैसे जोहड़—आज भी जल संकट का सबसे प्रभावी समाधान हैं।

 उन्होंने बताया कि सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण से सूखे क्षेत्रों में भी स्थायी जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।

राजेंद्र सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि राजस्थान के अलवर जिले से शुरू हुए प्रयासों के तहत उन्होंने 1500 से अधिक गांवों में 14,800 से ज्यादा जल संरचनाओं का निर्माण कराया, जिससे अरवरी, सरसा, रूपारेल, जहजवाली और काली ईस्ट जैसी कई सूखी नदियां पुनर्जीवित हुईं। उन्होंने “Water Peace” के संदेश के साथ जल संघर्षों को संवाद और सहभागिता से सुलझाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अपील की कि वे स्थानीय ज्ञान और प्रकृति-सम्मत तकनीकों को अपनाकर जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं। सेमिनार में पर्यावरण, जैव विविधता और सतत विकास से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने भी अपने विचार रखे।

उल्लेखनीय है कि राजेंद्र सिंह को जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रमन मैग्सेसे पुरस्कार (2001) और स्टॉकहोम जल पुरस्कार (2015) जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। 

जशपुर में उनका आगमन प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी रहा और कार्यक्रम ने जल संरक्षण के प्रति नई दिशा व ऊर्जा प्रदान की।
Previous Post Next Post