दीपक वर्मा - जशपुर
अपराध पर सख्ती, होली पर जीरो टॉलरेंस, डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की दो-टूक चेतावनी — गुंडा, तस्कर, ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर चलेगा पुलिस का डंडा
जशपुर - पुलिस कार्यालय जशपुर में आज दिनांक 26 फरवरी 2026 को डाॅ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर की अध्यक्षता में अनुविभागवार अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना-चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
इस दौरान बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। पुराने मामलों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
तस्करी और अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार
डीआईजी-एसएसपी ने जिले में गौ-तस्करी, गांजा एवं मादक पदार्थ तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा सहित सभी अवैध गतिविधियों पर बेरियर लगाकर सख्त नाकाबंदी और त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों, अंतरराज्यीय मार्गों और प्रमुख चेक-पॉइंट्स पर सघन चेकिंग के आदेश दिए गए हैं।
होली पर्व को लेकर अलर्ट मोड में जशपुर पुलिस
आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और विजिबल पुलिसिंग के निर्देश दिए गए। हुड़दंग, उपद्रव और शांति भंग करने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सड़क सुरक्षा पर सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु निरंतर पेट्रोलिंग, ओवरस्पीड, नशे में वाहन चलाने, तीन सवारी, तेज हॉर्न बजाने वाले दोपहिया चालकों और मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों पर चालानी कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
मुखबिर तंत्र होगा और मजबूत
कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने, सूचना देने वालों की गोपनीयता सुनिश्चित करने और प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल सत्यापन एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उद्देश्य — अपराधों पर रोक और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना।
फरियादी लौटे संतुष्ट — पुलिस का स्पष्ट निर्देश
डीआईजी-एसएसपी ने कहा कि कोई भी फरियादी थाना-चौकी से निराश होकर न लौटे। सभी से शालीन व्यवहार, निष्पक्ष जांच और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण अनिवार्य हो। निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग, कांबिंग गश्त और शाम के समय प्रभारी अधिकारियों द्वारा स्वयं क्षेत्र में उपस्थित रहकर पुलिसिंग के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक आशा तिर्की, भावेष समरथ, रक्षित निरीक्षक अरमजीत खूंटे, रीडर मुकेश कुमार झा सहित समस्त थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।