परम आदरणीय पूज्य स्वामी चिन्मयानंद बापू
कुनकुरी - नगर के सालियाटोली मिनी स्टेडियम में आगामी 02 अप्रैल से 08 अप्रैल 2026 तक सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस आध्यात्मिक आयोजन में परम आदरणीय पूज्य स्वामी चिन्मयानंद बापू जी अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनने लगा है और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार इस सात दिवसीय राम कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और धर्म, संस्कृति एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक प्रसंगों का श्रवण करेंगे। कार्यक्रम स्थल सालियाटोली मिनी स्टेडियम को भव्य रूप से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इस विशाल धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर 16 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे कुनकुरी के सालियाटोली नर्सरी में आवश्यक बैठक एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से श्रीमति कौशल्या विष्णु देव साय की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मप्रेमी नागरिक और आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी भाई-बहनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें, ताकि कुनकुरी में आयोजित होने वाली यह श्रीराम कथा पूरे क्षेत्र के लिए भक्ति और आध्यात्मिकता का केंद्र बन सके।