SSP डॉ. लाल उमेद सिंह खुद 50 जवानों के साथ जंगलों में उतरे, तस्करी के सारे रास्ते किए ब्लॉक



SSP डॉ. लाल उमेद सिंह खुद 50 जवानों के साथ जंगलों में उतरे, तस्करी के सारे रास्ते किए ब्लॉक।

जशपुर। जिले में गौ तस्करी पर लगाम कसने के लिए जशपुर पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में थाना नारायणपुर क्षेत्र के जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयं एसएसपी लगभग 50 से अधिक पुलिस बल के साथ जंगल और पहाड़ी रास्तों में पैदल पहुंचे और गौ तस्करी के संभावित मार्गों का निरीक्षण किया।

अभियान के तहत ग्राम किनकेल, खरवाटोली और पाकरकुंदर के जंगलों में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर गौ तस्करी के संभावित रास्तों को चिन्हित किया और कई मार्गों को ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए किनकेल, चट्टान पारा और पाकरकुंदर में “पुलिस मितान टीम” का गठन किया गया। यह टीम क्षेत्र में होने वाली गौ तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाएगी, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें गौ तस्करी, नशे के दुष्प्रभाव और बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधों की रोकथाम में सहयोग मिल सके।

अभियान के दौरान बेरोजगार युवाओं से रोजगार के अवसरों को लेकर भी चर्चा की गई और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ओवरस्पीड से बचने की समझाइश भी दी गई।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा से जोड़ने के लिए जशपुर पुलिस हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिले के सुदूर अंचलों के युवाओं के लिए “पुलिस एकेडमी” जैसी पहल शुरू करने की योजना है, जिससे युवाओं को पुलिस, आर्मी, बीएसएफ और अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल सके।

अचानक पुलिस कप्तान को भारी पुलिस बल के साथ पहाड़ी रास्तों से पैदल गांवों में पहुंचते देख ग्रामीण भी आश्चर्यचकित रह गए। पुलिस को इस तरह सक्रिय रूप में अपने बीच देखकर ग्रामीणों का विश्वास और मजबूत हुआ तथा उन्होंने पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इस सर्च अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, नारायणपुर थाना प्रभारी उमेश प्रभाकर, सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह, मनोरा चौकी प्रभारी दिनेश पुरैना, साइबर सेल निरीक्षक आशीष तिवारी सहित रक्षित केंद्र के जवान और नवआरक्षक भी शामिल रहे।
Previous Post Next Post