जशपुर में गांजा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़: 24 पैकेट गांजा बरामद, दो आरक्षक समेत चार आरोपी गिरफ्तार
दीपक वर्मा - संपादक
जशपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना कोतवाली जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में न केवल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि जांच के दौरान दो आरक्षकों की संलिप्तता भी उजागर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि विवेकानंद कॉलोनी, जशपुर में किराए के मकान में रहने वाला रवि विश्वकर्मा अपने घर में भारी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर रखा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने रेड की। तलाशी के दौरान एक पेटी में रखे 24 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी रवि विश्वकर्मा ने बताया कि उक्त गांजा गोविंद उर्फ सुनील द्वारा पैसे के एवज में उसके घर में रखा गया था। मामले में थाना जशपुर में अपराध क्रमांक 74/26 धारा 20 (B) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर रवि विश्वकर्मा एवं सुनील भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले ने तब गंभीर मोड़ लिया जब पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि थाना तपकरा के आरक्षक क्रमांक 581 धीरेंद्र मधुकर (उम्र 37 वर्ष) एवं आरक्षक क्रमांक 392 अमित त्रिपाठी (उम्र 35 वर्ष) भी गांजा तस्करी में मिलकर कार्य कर रहे थे। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों आरक्षकों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। फिलहाल पूरे मामले में विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।