*आईजी दीपक झा का जशपुर में वार्षिक निरीक्षण, रक्षित केंद्र में ली परेड की सलामी… पुलिस दरबार में सुनी जवानों की समस्याएं*

दीपक वर्मा - कुनकुरी - जशपुर 

*आईजी दीपक झा का जशपुर में वार्षिक निरीक्षण, रक्षित केंद्र में ली परेड की सलामी… पुलिस दरबार में सुनी जवानों की समस्याएं*

*जशपुर* - सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने मंगलवार को जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। 
इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर पहुंचकर भव्य परेड की सलामी ली और पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा तथा कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। 

उत्कृष्ट वेश-भूषा और अनुशासन का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आईजी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और उनके नियमित रख-रखाव के निर्देश दिए। इसके साथ ही वाहन शाखा, कैश शाखा, स्टोर शाखा और पुलिस कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद आयोजित पुलिस दरबार में आईजी दीपक झा ने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों के निराकरण के लिए मौके पर ही निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सख्त अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की नसीहत दी।

आईजी ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच ईमानदार और जिम्मेदार संस्था के रूप में बनी रहनी चाहिए। यदि किसी भी आपराधिक गतिविधि में पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान उन्होंने सिटी कोतवाली जशपुर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार सहित जिले के सभी एसडीओपी, डीएसपी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post