अंबिकापुर रोड पर खुलेआम अतिक्रमण, प्रशासन मौन—जल निकासी व्यवस्था पर मंडराया संकट

अंबिकापुर रोड तालाब के पास खुलेआम अतिक्रमण, प्रशासन मौन—जल निकासी व्यवस्था पर मंडराया संकट

जशपुर जिले में पत्थलगाँव के भाटामुड़ा क्षेत्र में अंबिकापुर रोड स्थित एक बहते नाले पर अवैध अतिक्रमण का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक लापरवाही और पर्यावरण सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि सरकारी भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा करने नाले को बड़े पैमाने पर जेसीबी से मिट्टी डालकर पाटने का काम किया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके की जल निकासी व्यवस्था खतरे में पड़ गई है।

स्थानीय निवासी रनसाय सिदार के बताया कि पुल के सामने बहने वाले इस महत्वपूर्ण नाले में पत्थलगांव के दबंगो द्वारा मिट्टी डलवाकर उसे बंद करने की कोशिश की जा रही है। 
यह नाला वर्षों से क्षेत्र का मुख्य जल निकासी स्रोत रहा है, लेकिन अब इसे खत्म करने की कोशिश से आने वाले समय में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा गहरा गया है।

हैरानी की बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम मुख्य अंबिकापुर रोड पर हो रहा है, जहां से रोजाना जिम्मेदार अधिकारी और प्रशासनिक अमला गुजरता है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्राकृतिक जल स्रोतों के साथ इस तरह की छेड़छाड़ पर्यावरण के लिए बेहद घातक हो सकती है। नाले को पाटने से न सिर्फ बारिश के पानी की निकासी बाधित होगी, बल्कि आसपास की जमीन और बस्तियों को भी नुकसान झेलना पड़ सकता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में हालात विकराल रूप ले सकते हैं।
Previous Post Next Post