आम की पेटियों में छिपाकर गांजा तस्करी, जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
1 करोड़ से अधिक कीमत का 207 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर/दोकड़ा। जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आम की पेटियों में छिपाकर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में गांजा को जब्त किया है। दोकड़ा चौकी पुलिस ने एक पिकअप वाहन से करीब 207 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद किया है।
जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में ग्राम भिंडा, थाना बगीचा निवासी 36 वर्षीय प्रमोद निकुंज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में आम की कैरेटों के नीचे अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर चौकी दोकड़ा पुलिस ने ग्राम बड़का के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक UP-70 RT 6632 को रोकने का प्रयास किया। वहीं वाहन चालक पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भागने लगा, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान आम की पेटियों के नीचे प्लास्टिक में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के साथ पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश पहुंचाने का काम करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में विनोद कुमार मंडावी एसडीओपी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अशोक यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।