दोकड़ा में आस्था का महासंगम: श्री जगन्नाथ मंदिर प्रथम वर्षगांठ महोत्सव आज से, कलश यात्रा के साथ गूंजेगा हरि नाम, कौशल्या साय होंगी शामिल

14/05/2026

दोकड़ा में आस्था का महासंगम: श्री जगन्नाथ मंदिर प्रथम वर्षगांठ महोत्सव आज से, कलश यात्रा के साथ गूंजेगा हरि नाम, कौशल्या साय होंगी शामिल

दोकड़ा, जशपुर। जशपुर जिले के ग्राम दोकड़ा में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के स्थापना के प्रथम वर्षगांठ महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया है। तीन दिवसीय इस भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत आज 14 मई से होगी, जिसमें कलश यात्रा, अखंड हरि नाम कीर्तन महायज्ञ, नगर भ्रमण और महाप्रसाद वितरण जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार 14 मई को भव्य कलश यात्रा एवं अधिवास कार्यक्रम से होगा। इसके बाद 15 मई, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से हरि नाम कीर्तन महायज्ञ एवं नामाचार कार्यक्रम आरंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता होने की उम्मीद है। वहीं 16 मई, शनिवार को पूर्णाहुति, दीक्षाभंजन, नगर भ्रमण एवं महाप्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।

इस धार्मिक आयोजन की खास बात यह है कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर भी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

आयोजन समिति के अनुसार, श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और पारंपरिक ओडिशा शैली की झांकियों से भव्य रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन सहज रूप से धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकें।
क्षेत्रवासियों ने इस आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का महापर्व बताते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post