"एक्के नंबर सब्बो बर" का जशपुर में शुभारंभ: डायल-112 की 11 नई गाड़ियां और 2 हाईवे पेट्रोल वाहन हुए रवाना

"एक्के नंबर सब्बो बर" का जशपुर में शुभारंभ: डायल-112 की 11 नई गाड़ियां और 2 हाईवे पेट्रोल वाहन हुए रवाना

जशपुरनगर। जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक तेज, आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग की डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन योजना के तहत बुधवार को पुलिस लाइन जशपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर जिले को मिली 11 नई इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) और 2 हाईवे पेट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में विधायक पत्थलगांव एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक, जिला कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि "एक्के नंबर सब्बो बर" की सोच पर आधारित डायल-112 सेवा आम लोगों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित होगी। इस नई व्यवस्था से पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, महिला एवं बाल हेल्पलाइन, आपदा सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाएं एक ही नंबर पर उपलब्ध रहेंगी।
विधायक गोमती साय ने कहा कि इस योजना से जशपुर के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित सहायता मिलेगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। वहीं विधायक रायमुनी भगत ने इसे जनहित में बड़ी पहल बताते हुए नागरिकों से जरूरत पड़ने पर डायल-112 का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नए ERV वाहनों में GPS ट्रैकिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, वायरलेस संचार, मोबाइल डेटा टर्मिनल और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही निकटतम वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया जाएगा, जिससे कम समय में सहायता उपलब्ध हो सकेगी। जिले में प्राप्त इन वाहनों को पत्थलगांव, बगीचा, कांसाबेल, कुनकुरी, तुमला, तपकरा, जशपुर, लोदाम, सन्ना, आस्ता और डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात किया गया है। ये सेवाएं 24 घंटे, सातों दिन आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

जशपुर जिले को प्राप्त नवीन डायल-112 वाहनों को, थाना पत्थलगांव, बगीचा, कांसाबेल, कुनकुरी, तुमला, तपकरा, जशपुर, लोदाम, सन्ना, आस्ता व डॉयल 112 कंट्रोल रूम जशपुर में तैनात किया गया है, जो प्रतिदिवस 24X 7 सेवा प्रदाय करेंगे।

पुलिस विभाग के अनुसार अब नागरिक केवल फोन कॉल ही नहीं, बल्कि 112 इंडिया मोबाइल ऐप, SMS, ईमेल, चैटबॉट, वेब रिक्वेस्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल डायल-112 का उपयोग करें और सेवा का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post