एक घंटे में दो वारदातों से दहला जशपुर, शराब पार्टी से शुरू हुआ खूनी खेल: दोस्त पर चाकू से हमला, फिर राह चलते नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार


एक घंटे में दो वारदातों से दहला जशपुर, शराब पार्टी से शुरू हुआ खूनी खेल: दोस्त पर चाकू से हमला, फिर राह चलते नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले में सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक युवक ने महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देते हुए पहले अपने दोस्त पर चाकू से हमला किया और उसके बाद रास्ते से गुजर रहे एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के ग्राम कोमडो और भागलपुर बरटोली की है। पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन राम (20 वर्ष) निवासी भागलपुर बरटोली ने 17 मई को पहले अपने परिचित सूरज रजक को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से ग्राम कोमडो ले गया। वहां मंदिर के पास आरोपी ने अचानक कहा – "मेरा लड़ने का मन कर रहा है, चलो लड़ते हैं" और गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में सूरज की पीठ और माथे पर गंभीर चोटें आईं। किसी तरह जान बचाकर वह मंदिर में छिप गया।

इसके करीब एक घंटे बाद आरोपी ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक भागलपुर बरटोली निवासी 15 वर्षीय कृष्णा भगत नहाने के लिए धोबी घाट की ओर जा रहा था, तभी आरोपी ने बिना किसी विवाद के उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ, मुक्के व लात से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

डीआईजी एवं SSP डॉ० लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद से फरार था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भागलपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। मामले में थाना प्रभारी और पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। 

" वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या और चाकूबाजी जैसे गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, और इस तरह के अपराधिक मामलों में किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।"

Post a Comment

Previous Post Next Post