जशपुर में आंधी -तूफान का कहर: पुरनानगर रानी बगीचा में उड़ गए कई घरों के छप्पर, बाल-बाल बचे लोग

जशपुर में आंधी -तूफान का कहर: पुरनानगर रानी बगीचा में उड़ गए कई घरों के छप्पर, बाल-बाल बचे लोग

जशपुर से बड़ी खबर है जहां पुरनानगर रानी बगीचा क्षेत्र में रविवार शाम करीब 7:00 बजे आए तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और बड़े-बड़े ओलों ने जमकर तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम ने ऐसा रौद्र रूप लिया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि क्षेत्र के कम से कम 4 घरों के ऊपर लगे एड्बेस्टेड (एस्बेस्टस) सीट हवा में उड़ गए। देखते ही देखते घरों की छत उखड़ गई और अंदर रह रहे परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि परिवार के लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत घर से बाहर भागे। सब कुछ अस्त व्यस्त नजर आया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सभी लोग बाल-बाल बच गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आंधी के साथ गिर रहे बड़े ओलों ने नुकसान को और बढ़ा दिया। कई जगहों पर पेड़-पौधे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित परिवारों के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है, क्योंकि उनके घरों की छत पूरी तरह से उड़ चुकी है।

हालांकि राहत की खबर यह है कि किसी को भी कोई बड़ी घातक चोट या जान जाने की घटना सामने नहीं आई है।

पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का मुआयना कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल, क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग प्राकृतिक आपदा से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post