“अब बिना आईडी होटल में एंट्री नहीं” : जशपुर पुलिस की सख्ती, समाधान ऐप में ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने होटल-लॉज संचालकों की ली बैठक, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

अब बिना आईडी होटल में एंट्री नहीं” : जशपुर पुलिस की सख्ती, समाधान ऐप में ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य"

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने होटल-लॉज संचालकों की ली बैठक, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जशपुर। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने होटल एवं लॉज संचालकों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा कि अब बिना वैध पहचान पत्र और ऑनलाइन एंट्री के किसी भी व्यक्ति को होटल या लॉज में ठहराने पर संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिले के विभिन्न होटल एवं लॉज संचालकों को छत्तीसगढ़ पुलिस की “समाधान मोबाइल एप” में अपनी आईडी जनरेट करने और होटल में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कप्तान ने कहा कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक आगंतुक का पहचान सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने होटल संचालकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा बिना वैध दस्तावेज के ठहरने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक के दौरान होटल एवं लॉज संचालकों को अपने परिसरों में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा सहित होटल निरवाना, सिद्धार्थ होटल, होटल प्रेमसुधा, होटल एनेस, सूर्य लॉज, महामाया लॉज, राजश्री होटल एवं सम्राट होटल के संचालक उपस्थित रहे।

बैठक में सभी होटल एवं लॉज संचालकों ने जशपुर पुलिस को पूर्ण सहयोग देने तथा जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post