दीपक वर्मा - कुनकुरी
14/05/2026
तेज रफ्तार KTM बनी काल -:- NH-43 पर दर्दनाक हादसे में दो युवक की मौत, कुनकुरी थाना इलाके की घटना
कुनकुरी - जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआटोली NH-43 स्थित आश्रम गेट के सामने देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही KTM बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बोर्ड, पेड़ और पुलिया के चबूतरे से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गिनाबहार बरटोली निवासी जॉनसन कुजूर ने कुनकुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कि 13 मई को बरटोली-गिनाबहार में आयोजित शादी समारोह में मृतक युवक शामिल होने पहुंचे थे। देर रात करीब 1:30 बजे गुलशन केरकेट्टा अपनी KTM मोटरसाइकिल क्रमांक OD 03 AD 2384 से इग्नासियुस को बैठाकर जशपुर की ओर जा रहा था।
इस दौरान 14 मई की रात करीब 2:08 बजे महुआटोली आश्रम गेट के सामने बाइक तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे लोहे के बोर्ड, पेड़ एवं पुलिया के चबूतरे से टकरा गई।
हादसे में इग्नासियुस गंभीर रूप से घायल होकर पुलिया के नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बाइक चालक गुलशन केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस द्वारा 108 एंबुलेंस की मदद से होलीक्रॉस अस्पताल कुनकुरी पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 7:00 बजे गुलशन केरकेट्टा ने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है, साथ ही अपील की जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक, नशे में गाड़ी न चलाएं, हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाएं। क्योंकि एक छोटी सी गलती जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।