घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म: जशपुर पुलिस ने फरार आरोपी को रायगढ़ से दबोचा, भेजा जेल।।

घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म: जशपुर पुलिस ने फरार आरोपी को रायगढ़ से दबोचा, भेजा जेल

कांसाबेल/जशपुर। जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर जिला रायगढ़ से पकड़ने में सफलता हासिल की।
मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को थाना कांसाबेल क्षेत्र की एक 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 मई की रात गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम से लौटने के बाद वह अपने घर में सोने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान आरोपी महिमा प्रकाश मिंज (26 वर्ष) जबरन घर में घुस आया और महिला के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर घर से बाहर आई और शोर मचाया। बाद में उसने घटना की जानकारी आरोपी के परिजनों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 115(2), 332(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर और पुलिस की तकनीकी टीम से सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र स्थित अपने गृह ग्राम में छिपा हुआ है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और जशपुर लाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 13 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की कार्रवाई और गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक अर्जुन बड़ा एवं नगर सैनिक योगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के प्रति पुलिस गंभीर और संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post