दीपक वर्मा - जशपुर
लोकेशन - कुनकुरी
18/05/2026
डीजल-पेट्रोल संकट पर कांग्रेस का हल्लाबोल: कुनकुरी में पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
कुनकुरी। डीजल और पेट्रोल की किल्लत को लेकर कुनकुरी में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष वाल्टर कुजूर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के सामने खड़े होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार पर आम जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि डीजल-पेट्रोल की कमी से आम लोगों, किसानों, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या को लेकर कोई ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष वाल्टर कुजूर ने कहा कि जनता ईंधन संकट से परेशान है और लोग घंटों पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं की खामियों का खामियाजा जनता भुगत रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष वाल्टर कुजूर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा, ब्लॉक उपाध्यक्ष रोबर्ट एक्का, दिलीप जैन, कांग्रेस सचिव हेमंत कुजूर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अजेम टोप्पो, रवि यादव ब्लॉक कांग्रेस सदस्य मंडल अध्यक्ष अशोक यादव, महामंत्री विजय यादव, अफरोज अली, ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारणी सदस्य अविनाश खलखो अन्य लोग उपस्थिति रहे वही कार्यक्रम शांति पूर्वक संपन्न हुआ।