शटर तोड़ा, लाखों का माल उड़ाया... CCTV और साइबर जाल में फंसे चोर, खरीददार समेत 6 गिरफ्तार
जशपुर। जशपुर शहर के एक चर्चित किराना दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चोरी के सामान खरीदने वाले सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, जशपुर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित विक्रम किराना दुकान के संचालक विक्रम ताम्रकार ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 और 9 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब एक लाख रुपये मूल्य की राशन सामग्री चोरी कर ली। चोरी में रिफाइन तेल, चावल, खाद्य सामग्री और अन्य सामान शामिल थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जशपुर के नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला क्षेत्र के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान झारखंड के गुमला जिले के सकतारा निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेचा गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के माल के खरीददार अमृत लाल केरकेट्टा को भी धर दबोचा। वहीं फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा, झारखंड से पकड़कर जशपुर लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 34 बोतल सरसों तेल, 36 पैकेट सिगरेट, साबुन की पेटी, बिक्री के 1005 रुपये और घटना में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, अमृत लाल केरकेट्टा और नवाजिश खान शामिल हैं। पांच आरोपियों को जेल भेज दिया गया है जबकि फरार आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह का सख्त निर्देश, कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में ऐसे मामलों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।