कुनकुरी में थमी दवाइयों की रफ्तार: राष्ट्रव्यापी हड़ताल से बंद रहीं मेडिकल दुकानें, मरीज और परिजन परेशान
दीपक वर्मा - कुनकुरी 20/05/2026
कुनकुरी नगर में बुधवार को दवा विक्रेताओं की एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। शहर की लगभग सभी मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अचानक मेडिकल स्टोरों के शटर बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाइयों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। विशेष रूप से गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और नियमित दवा लेने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, अखिल भारतीय केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन (AIOCD) के आह्वान पर यह बंद किया गया। दवा विक्रेताओं का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री, ई-फार्मेसी व्यवस्था, बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट नीति और कुछ सरकारी अधिसूचनाओं के विरोध में यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल की गई है। व्यापारियों का आरोप है कि इन व्यवस्थाओं से छोटे दवा व्यवसायियों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
कुनकुरी शहर के प्रमुख मेडिकल स्टोरों के बंद रहने से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग जरूरी दवाइयां नहीं मिलने के कारण परेशान नजर आए, लोगों का कहना है कि दवाई जैसी आवश्यक सेवा बंद होने का सीधा असर आम जनता पर पड़ता है और इससे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं शहर में मेडिकल दुकानों के बंद रहने की चर्चा होती रही, साथ ही लोगों ने प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने की मांग की है, ताकि भविष्य में आम जनता को इस प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।
फिलहाल कुनकुरी में मेडिकल दुकानों के बंद रहने का असर साफ दिखाई दिया और लोग जल्द स्थिति सामान्य होने की उम्मीद करते नजर आए।