जशपुर पुलिस को मिली ‘लैब ऑन व्हील्स’ की सौगात, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

जशपुर पुलिस को मिली ‘लैब ऑन व्हील्स’ की सौगात, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

जशपुरनगर: अपराध जांच व्यवस्था को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में जशपुर पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। शासन द्वारा जिले को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन ‘लैब ऑन व्हील्स’ उपलब्ध कराई गई है, जिसे शनिवार को रक्षित केंद्र जशपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन के जरिए अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संग्रहण और प्रारंभिक विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों के नष्ट होने की संभावना कम होगी और जांच प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक बनेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। 

इस दौरान डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नई आपराधिक कानून व्यवस्था BNSS-2023 और BSA-2023 में वैज्ञानिक जांच को विशेष महत्व दिया गया है। अब सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक टीम की उपस्थिति और वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रह अनिवार्य किया गया है। करीब 65 लाख रुपये लागत की इस आधुनिक वैन में फिंगरप्रिंट डिटेक्शन किट, डीएनए एवं ब्लड सैंपल कलेक्शन, डिजिटल फॉरेंसिक उपकरण, CCTV व मोबाइल डेटा विश्लेषण, बैलिस्टिक जांच किट, GSR परीक्षण, हाई-इंटेंसिटी लाइट, DSLR कैमरा और साक्ष्य संरक्षण जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार अब हत्या, दुर्घटना, साइबर अपराध, नारकोटिक्स सहित गंभीर मामलों में मौके पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच संभव होगी। इससे अदालतों में मजबूत साक्ष्य पेश किए जा सकेंगे और दोषियों को जल्द सजा दिलाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन जशपुर में न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। "बेगुनाह पिसे नहीं, गुनहगार बचे नहीं" के संदेश के साथ इस नई पहल को त्वरित न्याय और सुरक्षित समाज की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post