कुनकुरी को CM साय की बड़ी सौगात, 16 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन- लोकार्पण, बदलेगी ग्रामीण विकास की तस्वीर

कुनकुरी को CM साय की बड़ी सौगात, 16 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन- लोकार्पण,  बदलेगी ग्रामीण विकास की तस्वीर

दीपक वर्मा | जशपुर
कुनकुरी (कलिबा), 10 मई 2026

जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। ग्राम पंचायत कलिबा में आयोजित नव निर्मित काबिलेश्वर महादेव शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपए की लागत वाले 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 12 करोड़ 86 लाख रुपए से अधिक लागत के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें उच्च स्तरीय पुल, आधुनिक हाट बाजार और स्कूल भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। कलिबा-टांगरबहार मार्ग एवं बांसपतरा-दुलदुला मार्ग पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुलों से बरसात के दिनों में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी। 

वहीं आधुनिक हाट बाजार निर्माण से किसानों और व्यापारियों को बेहतर व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 3 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक लागत के 4 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें उपमंडी कुनकुरी में निर्मित आधुनिक फल-सब्जी मंडी, गोदाम, पार्किंग एवं अन्य सुविधाएं शामिल हैं। साथ ही तीन महतारी सदनों का लोकार्पण भी किया गया, जहां महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण और सामाजिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, बाजार और शिक्षा जैसी आधारभूत सुविधाएं ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगी और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।

इस दौरान उन्होंने यह भी घोषणा किया, कि कुनकुरी स्थित हनुमान टेकड़ी में बनेगा सूर्य नमस्कार का स्टेच्यू।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post