ग्राहक को डीजल देने से इंकार, पंप कर्मचारी द्वारा जरीकेन में डीजल सप्लाई का आरोप; मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

ग्राहक को डीजल देने से इंकार, जरीकेन में सप्लाई का आरोप; मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

जशपुर। जिले के एक पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ डीजल नहीं देने तथा कथित रूप से जरीकेन में डीजल सप्लाई किए जाने की शिकायत सामने आई है। 
मामले में एक स्कॉर्पियो वाहन चालक दशरथ पंडा ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल यह मामला बगीचा क्षेत्र के बगडोल के पास की है जहां शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपनी स्कॉर्पियो में डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे डीजल देने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान उसने देखा कि दूसरे वाहन में लोड लगभग 40-40 लीटर क्षमता वाले जरीकेनों में डीजल भरा जा रहा था। वहीं शिकायतकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जिसका उल्लेख उसने अपने आवेदन में किया है।

पीड़ित का आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उसे डीजल देने से इंकार किया गया। साथ ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी शिकायत की गई है। उसने संबंधित पेट्रोल पंप संचालक एवं कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन

मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री टोल फ्री नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। 
वहीं शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर जांच के लिए भेजा गया।

जानकारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। 
जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो फुटेज भी जांच का हिस्सा

शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में घटना का वीडियो फुटेज होने का दावा किया है। 
ऐसे में जांच के दौरान वीडियो साक्ष्य की भी पड़ताल की जा सकती है। 

फिलहाल पूरे मामले की सत्यता की जांच की जा रही है और प्रशासन की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post