14 वर्षों से सेवा दे रहे टीका वाहकों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, मानदेय और नियमितीकरण की मांग
जशपुर। छत्तीसगढ़ वैकल्पिक वैक्सीन वितरण (AVDS) कार्यकर्ता संघ ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत टीका वाहकों (AVDS) की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पिछले 14 वर्षों से टीकाकरण कार्य में लगे टीका वाहकों के लिए मासिक मानदेय निर्धारण, स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी घोषित करने तथा यात्रा भत्ता बढ़ाने की मांग की गई है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2012 से वे अपने निजी वाहनों से नियमित टीकाकरण, विशेष टीकाकरण अभियान, शिशु सुरक्षा मिशन, मिजल्स-रूबेला अभियान, कोविड-19 टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सेवाएं दे रहे हैं। टीका वाहक समुदाय स्वास्थ्य केंद्रों से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक वैक्सीन और जरूरी सामग्री पहुंचाने का कार्य करते हैं।
इस दौरान वर्तमान में उन्हें यात्रा भत्ते के रूप में सामान्य क्षेत्र में 90 रुपये और दुर्गम क्षेत्र में 200 रुपये मिलते हैं, जो बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-वाहन खर्च के मुकाबले बेहद कम है। संघ का कहना है कि इतने कम भुगतान में कार्य करना मुश्किल होता जा रहा है।
करोना काल के योद्धा
आपको यह भी बताते चलें कि ये वही योद्धा हैं जिन्होंने कि कोरोना काल में भी अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाने में अपनी सेवाएं दी हैं।
प्रमुख मांगें
टीका वाहकों के लिए जीवन-यापन योग्य मासिक मानदेय निर्धारित किया जाए।
AVDS कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी घोषित किया जाए।
यात्रा भत्ते में वृद्धि करते हुए सामान्य क्षेत्र में 240 रुपये तथा दुर्गम क्षेत्र में 350 रुपये प्रति सत्र किया जाए।
संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।