गांव-गांव पहुंच रही पुलिस: बेतरा जन-चौपाल में DIG-SSP ने सुनी जनता की बात, मौके पर सुलझाईं समस्याएं"
बेतरा में पुलिस जन-चौपाल: DIG-SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
जशपुर, 07 जून 2026। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम बेतरा में पुलिस जन-चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ उप पुलिस अधीक्षक यातायात कुंज राम चौहान, महिला आरक्षक सुषमा भगत, मधु मंजरी तिर्की, शर्मिला तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
जन-चौपाल के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए जशपुर पुलिस की महत्वपूर्ण पहल "पुलिस मितान" योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करना है, ताकि गांवों में होने वाली समस्याओं, विवादों और अपराधों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंच सके और उनका शीघ्र समाधान हो सके।
डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों से वन-टू-वन चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव या आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अपने संबोधन में उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, नागरिकों के अधिकारों एवं पुलिस की जिम्मेदारियों की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी भी निभाती है।
जन-चौपाल में नशामुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर देते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। गलत संगति और शौक के कारण शुरू होने वाली यह आदत धीरे-धीरे लत का रूप ले लेती है, जिससे व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
इस अवसर पर डीएसपी यातायात कुंज राम चौहान ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही तेज गति, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की अपील की।
ग्रामीणों ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस जन-चौपाल जैसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ता है तथा ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा गांव में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ के साथ किया गया। जन-चौपाल के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और पुलिस के प्रति जनविश्वास को मजबूत करने का सकारात्मक संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचा।