नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में जशपुर जिले भर के राजस्व लिपिकों का कलमबंद आंदोलन, 02 जून को रहेंगे सामूहिक अवकाश पर।

नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में जशपुर जिले के राजस्व लिपिकों का कलमबंद आंदोलन, 02 जून को रहेंगे सामूहिक अवकाश पर

जशपुर, 01 जून। सीतापुर जिले के राजापुर तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार माणिक के साथ शासकीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ राजस्व लिपिक संघ के प्रांतीय आह्वान पर पूरे प्रदेश के राजस्व लिपिक 02 जून को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे, इस दौरान कलमबंद और कामबंद आंदोलन किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजापुर तहसील में नायब तहसीलदार तुषार माणिक के साथ हुई घटना को राजस्व कर्मचारियों ने गंभीर एवं निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

इसी के तहत प्रदेशभर के जिला राजस्व न्यायालय, एसडीएम न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों में पदस्थ राजस्व लिपिक एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

जशपुर जिले में भी इस आंदोलन का व्यापक असर देखने को मिलेगा। कलेक्टर न्यायालय, सभी एसडीएम कार्यालयों तथा तहसील न्यायालयों में कार्यरत राजस्व लिपिक 2 जून को सामूहिक अवकाश पर रहकर कार्य का बहिष्कार करेंगे।

छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला सचिव, छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ नेहरू सोनी ने बताया कि यह आंदोलन राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध न्यायोचित कार्रवाई नहीं होने पर संगठन आगे की रणनीति पर भी विचार करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post