दिल्ली के मंच पर जशपुर का डंका: राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय

दिल्ली के मंच पर जशपुर का डंका: राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय

जशपुर। जशपुर जिले के लिए गौरव और सम्मान का ऐतिहासिक क्षण तब आया, जब जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित सम्मान ने न केवल जशपुर जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान दिलाई है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार, जनभागीदारी और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। सालिक साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की पंचायतों ने ग्रामीण विकास, स्वच्छता, जनकल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसकी गूंज अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है।

03 जून 2025 को नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में देशभर के पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। समारोह में जब जशपुर के जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय का नाम सम्मान के लिए पुकारा गया, तब पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार (आईएएस), जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश, सरपंच रामजी भगत, सचिव ईश्वर प्रसाद यादव, उप संचालक पंचायत कुसुम बड़ा तथा एडीपीएम नवनीत कुमार साहू सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि एवं पंचायत पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस उपलब्धि को जशपुर जिले के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि जशपुर जिले की सभी पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिले को विकास और सुशासन के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

जिलेवासियों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सालिक साय एवं पूरी पंचायत टीम को बधाई दी है। लोगों का कहना है कि यह सम्मान जशपुर की सक्रिय पंचायत व्यवस्था, जनसहभागिता और ग्रामीण विकास मॉडल की राष्ट्रीय पहचान है, जो आने वाले समय में जिले की पंचायतों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post