शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुनकुरी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 'शाला प्रवेश उत्सव 2026-27', नवप्रवेशी छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत
कुनकुरी, जशपुर | 27 जून 2026
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुनकुरी (विकासखंड कुनकुरी, जिला जशपुर) में शनिवार को 'शाला प्रवेश उत्सव 2026-27' हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा निःशुल्क पुस्तकें एवं गणवेश वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष माननीय सालिक साय थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अनीता सिंह (डीडीसी), श्री बालेश्वर यादव (जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं पदेन अध्यक्ष शिक्षा समिति), शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती जयमन्ती भगत, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य श्री राजेश अग्रवाल एवं श्री अमित मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सुदर्शन पैंकरा तथा संकल्प शिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री वाई.आर. कैवर्त्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसर में अतिथियों का पारंपरिक लोक संस्कृति के अनुरूप मांदर की थाप, स्थानीय गीत एवं छात्राओं के मनमोहक नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। संस्था के व्याख्याता श्री देव प्रकाश तिर्की एवं श्री विनोद टोप्पो ने मांदर वादन से कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सीताराम साव ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक वर्ग की छात्राओं ने 'शाला प्रवेश उत्सव' की थीम पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमुदाय की खूब वाहवाही बटोरी।
इस दौरान अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि सालिक साय ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ जीवनोपयोगी कौशल विकसित करने, विद्यालय की स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से माता-पिता, गुरुजनों एवं बुजुर्गों का सम्मान करने तथा अनुशासन और संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनके उद्बोधन का छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा नवप्रवेशी छात्राओं को तिलक लगाकर निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं पुष्पगुच्छ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती रजनी कुजूर एवं श्री सुधीर दुबे ने किया, जबकि श्रीमती संगीता कुजूर ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त व्याख्याता, शिक्षक, कर्मचारी, कक्षा पहली से बारहवीं तक की छात्राएं, अभिभावक एवं छात्रावास अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।