उपसरपंच अंकित गोयल ने बटईकेला में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ, बच्चों को पिलाई 'दो बूंद जिंदगी की'

उपसरपंच अंकित गोयल ने बटईकेला में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ, बच्चों को पिलाई 'दो बूंद जिंदगी की'

कांसाबेल / बटईकेला | 28 जून 2026

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को ग्राम पंचायत बटईकेला में उपसरपंच अंकित गोयल ने पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। 

इस दौरान अभिभावकों एवं ग्रामीणों से बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने की अपील भी की गई।
उपसरपंच अंकित गोयल ने कहा कि "कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। 28 से 30 जून 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान में सभी अभिभावक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। 
0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। आपका एक छोटा-सा प्रयास बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोलियो-मुक्त भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।"

उन्होंने अभियान के संदेश "दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार" को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 28 जून 2026 से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ बनाया गया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों की टीमों के माध्यम से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और भारत को पोलियो-मुक्त बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post