766 गांवों में एक साथ जन चौपाल लगाकर जशपुर पुलिस ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ, जशपुर जिला हेलमेट जागरूकता अभियान
जशपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। जिले के सभी 766 गांवों में एक ही दिन एक साथ पुलिस जन चौपाल आयोजित कर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए आयोजित कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर पहुंचकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए जशपुर पुलिस को शुभकामनाएं दीं।
जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के अंतिम व्यक्ति तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और हेलमेट के प्रति व्यवहारिक जागरूकता विकसित करना है।
अभियान की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 को जशपुर मुख्यालय से विशाल हेलमेट जागरूकता रैली के साथ हुई थी। इसके बाद पत्थलगांव, कुनकुरी, बगीचा सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जिनमें 10 हजार से अधिक नागरिकों ने भागीदारी निभाई।
जशपुर पुलिस ने जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में मजबूत बीट व्यवस्था विकसित की है। प्रत्येक गांव में एक पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को सुरक्षा अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो ग्रामीणों को सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
अभियान में पुलिस के सहयोगी लगभग 5 हजार पुलिस मितानों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के तीन हजार से अधिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए जनजागरूकता बढ़ाने में योगदान दिया।
24 जून को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के सभी 766 गांवों में एक साथ जन चौपाल आयोजित कर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, नशामुक्त वाहन संचालन तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान 60 हजार से अधिक नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
इस अभियान की सफलता में जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस मितानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस उपलब्धि को जिले के सभी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और जनसहयोग को समर्पित करते हुए विश्वास जताया कि यह अभियान भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में हेलमेट उपयोग की आदत विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।