कुनकुरी - ग्राम सभा में यातायात जागरूकता का संदेश: हेलमेट, सीट बेल्ट और नशामुक्त ड्राइविंग पर दिया गया जोर

कुनकुरी - ग्राम सभा में यातायात जागरूकता का संदेश: हेलमेट, सीट बेल्ट और नशामुक्त ड्राइविंग पर दिया गया जोर

कुनकुरी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम डुगडुगीया बैगा बस्ती में आयोजित ग्राम सभा के दौरान विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर आरक्षक जितेंद्र गुप्ता ने ग्रामीणों को मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट दुर्घटना के समय जीवन रक्षक साबित होता है और गंभीर चोटों से बचाता है।

इसके साथ ही चार पहिया एवं अन्य बड़ी गाड़ियां चलाने वाले वाहन चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। आरक्षक गुप्ता ने कहा कि सीट बेल्ट का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की हानि को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ग्रामवासियों को शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश देते हुए उन्होंने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। यह पहल सड़क सुरक्षा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post