"नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" अभियान की बड़ी सफलता: कमतरा बना नशा मुक्त ग्राम, डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने युवाओं को दिलाया जागरूकता का संकल्प
कुनकुरी/जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा संचालित "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" अभियान के तहत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कमतरा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए स्वयं को "नशा मुक्त ग्राम" घोषित किया है। गुरुवार को ग्राम कमतरा में आयोजित युवा मिलन समारोह में ग्रामीणों, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशा नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उपस्थित रहे और ग्रामीणों के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, सेवानिवृत्त भारतीय सेना अधिकारी मोरिस मिंज, जशपुर एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुजूर, ग्राम सरपंच, सचिव श्रीमती रेशमा यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मंच संचालन असीम टोप्पो ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महतारी वंदन एवं राष्ट्रगान से हुई। ग्राम घुईटांगर के ग्रामीणों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को डीआईजी एवं एसएसपी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रितिका मिंज ने पुलिस की कार्यप्रणाली एवं जनहित कार्यों की जानकारी दी।
समारोह में ग्राम के विभिन्न कक्षाओं के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा पहली के अभिराज कुजूर, दूसरी के आजमी एक्का, तीसरी के एरिक जयष खलखो, चौथी की मिस्थी मिंज, पांचवीं की प्रज्ञा निधि कुजूर, छठवीं की बीरा बाई, सातवीं के भूपेन्द्र राम, आठवीं के नितिन राम, नौवीं के नितिन राम, दसवीं की तनिषा सिंह, ग्यारहवीं के अतुल टोप्पो तथा बारहवीं की छात्रा खुशबू पन्ना को उच्चतम अंक प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ग्राम कमतरा का नशा मुक्त होना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा यदि शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगे तो समाज तेजी से विकास करता है। उन्होंने नशे की शुरुआत के कारणों और उसके गंभीर दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, सोच, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है तथा उसे अंदर से खोखला कर देता है।
डॉ. लाल उमेद सिंह ने सड़क सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने की अपील की।
एसडीओपी विनोद मंडावी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे से दूर रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। वहीं उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान ने भी सुरक्षित जीवन के लिए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को आवश्यक बताया और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
ग्राम सरपंच अभिषेक कुजूर ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को भी जरूरी बताया।
वहीं कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गई कि ग्राम कमतरा के ग्रामीणों ने सामूहिक सहमति से गांव को "नशा मुक्त ग्राम" घोषित किया है। इसके तहत किसी भी प्रकार के नशे का सेवन, विक्रय, भंडारण या अवैध कारोबार नहीं होने देने का संकल्प लिया गया है। ग्रामीणों की यह पहल सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी और सामुदायिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
इस दौरान विशेष बात यह रही कि विश्व पटल पर एथलेटिक्स में अपनी पहचान बना चुके युवा खिलाड़ी अनिमेश कुजूर इसी ग्राम पंचायत के घुईटांगर गांव के निवासी हैं। अनिमेश कुजूर युवाओं के प्रेरणास्रोत माने जाते हैं और शिक्षा, युवा सशक्तिकरण तथा नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिल रही है तथा गांव में सामाजिक जागरूकता का वातावरण मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, ग्रामीणों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।