"दुलदुला पंचायत में जमकर भ्रष्टाचार 02 लाख का बड़ा घोटाला ! बिना नाली बनाए निकाल ली सरकारी राशि, पुरानी फोटो से फर्जी भुगतान का आरोप"
ग्रामीणों ने कलेक्टर से की उच्चस्तरीय जांच की मांग, बोले - पुराने निर्माण की फोटो अपलोड कर किया गया भुगतान।
जशपुर | दुलदुला
जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड की ग्राम पंचायत दुलदुला में विकास कार्यों में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को सामूहिक शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि "मोहन घर से बजरंग घर तक नाली निर्माण" के नाम पर करीब 02 लाख रुपये की शासकीय राशि बिना निर्माण कार्य किए ही निकाल ली गई।
शिकायत के अनुसार, 'मेरी पंचायत' पोर्टल पर कार्य को पूर्ण दर्शाते हुए जियो टैगिंग और फोटो अपलोड कर भुगतान किया गया, जबकि मौके पर आज तक नई नाली का निर्माण ही नहीं हुआ। ग्रामीणों का दावा है कि पोर्टल पर अपलोड की गई तस्वीरें वर्तमान निर्माण की नहीं, बल्कि करीब 8 से 10 वर्ष पहले बनी पुरानी नाली की हैं, जिनका उपयोग नए कार्य के नाम पर भुगतान प्राप्त करने के लिए किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यदि जांच में यह मामला सही पाया जाता है तो यह सरकारी रिकॉर्ड में फर्जी जानकारी दर्ज कर शासकीय राशि के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि भुगतान प्रक्रिया में पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अनुमोदन और डिजिटल हस्ताक्षर किए गए हैं, इसलिए पूरे मामले की जिला स्तर पर स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई हो और सरकारी राशि की वसूली की जाए।
बहरहाल अब देखना होगा इस मामले में प्रशासन किसके किसके ऊपर कब और क्या कार्यवाही करेगा।